वन विभाग का अतिक्रमण हटाओ अभियान, सरकारी भूमि पर चला बुलडोजर, दो मकान ध्वस्त, बारिश के बीच दो परिवार बेघर, 18 अन्य को नोटिस....


जांजगीर बिग न्यूज़ : वन विभाग का अतिक्रमण हटाओ अभियान, सरकारी भूमि पर चला बुलडोजर, दो मकान ध्वस्त, बारिश के बीच दो परिवार बेघर, 18 अन्य को नोटिस....

जांजगीर-चाम्पा। जिले के चाम्पा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़पार में वन विभाग ने सरकारी वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया। विभागीय अमले की मौजूदगी में दो पक्के एवं कच्चे मकानों को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के बाद लगातार हो रही बारिश के बीच दो परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गए, जिससे क्षेत्र में संवेदनशील स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार, वन विभाग ने वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और आगामी पौधरोपण अभियान के लिए यह कार्रवाई की। विभाग का कहना है कि जिस भूमि पर अतिक्रमण किया गया था, वहां हरियाली बढ़ाने एवं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधरोपण किया जाना है। कार्रवाई के दौरान पर्याप्त संख्या में वन विभाग का अमला मौके पर तैनात रहा, ताकि अभियान शांतिपूर्ण ढंग से पूरा किया जा सके।

बताया जा रहा है कि मौके पर दो मकानों को हटाया गया, जबकि आसपास निवास कर रहे 18 अन्य परिवारों को भी अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण नहीं हटाए जाने की स्थिति में आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं दूसरी ओर प्रभावित परिवारों का कहना है कि वे वर्षों से इस स्थान पर निवास कर रहे हैं। उनका आरोप है कि अचानक हुई कार्रवाई से उनके सिर से छत छिन गई है और बारिश के मौसम में उनके सामने रहने एवं परिवार का पालन-पोषण करने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। प्रभावित लोगों ने प्रशासन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए वैकल्पिक व्यवस्था और उचित राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।

वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। एक ओर प्रशासन सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से अभियान चलाने की बात कह रहा है, वहीं दूसरी ओर प्रभावित गरीब परिवार पुनर्वास एवं राहत की मांग कर रहे हैं। अब सभी की नजर प्रशासन के अगले कदम और प्रभावित परिवारों के लिए की जाने वाली संभावित व्यवस्था पर टिकी हुई है।

Post a Comment

0 Comments