रायगढ़ जेल में युवक की मौत पर निष्पक्ष जांच और मुआवजे की मांग, प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज ने उपमुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
15 जून 2026। रायगढ़ जिले के ग्राम नवापारा निवासी 30 वर्षीय स्वर्गीय संजय बघेल की रायगढ़ जेल में हुई मौत के मामले को लेकर प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज ने उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया है कि संजय बघेल को 10 जून 2026 को अवैध शराब से जुड़े एक प्रकरण में गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में रायगढ़ जेल भेजा गया था। परिजनों का आरोप है कि गिरफ्तारी के समय वह पूरी तरह स्वस्थ थे, लेकिन तीन दिन बाद उनकी मौत की सूचना मिली। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि शव पर कई स्थानों पर चोट के निशान दिखाई दिए, जिससे मामले को लेकर संदेह और आक्रोश बढ़ गया है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि मौत की सूचना भी विलंब से दी गई। स्वर्गीय संजय बघेल अपने पीछे पत्नी और दो बेटियों को छोड़ गए हैं। उनकी एक छोटी बेटी हृदय रोग से पीड़ित है और उसका उपचार जारी है। ऐसे में परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर हो गई है।
प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज ने सरकार से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता, बच्चों की शिक्षा एवं स्वास्थ्य की व्यवस्था तथा एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।
समाज के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि रायगढ़ जेल में पूर्व में भी सुरेश रात्रे की मौत का मामला सामने आ चुका है, जिससे समाज में नाराजगी और चिंता का माहौल है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने से ही लोगों का विश्वास कायम रह सकेगा।
इस अवसर पर प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप श्रृंगी, जिला अध्यक्ष मनोज बंजारे, शहर अध्यक्ष मोहन बंजारे सहित भुवन बारले, छेदन रात्रे, नीरज बंजारे, राजू चेलक, प्रेम बंजारे, भूपेंद्र डहरिया, नरेंद्र टोडर, राकेश जांगड़े, राकेश गैंडरे एवं समाज के अन्य युवा साथी उपस्थित रहे।
0 Comments