जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रश्मि गवेल के नेतृत्व में 13 जुलाई को सक्ती में कांग्रेस का शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन...


जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रश्मि गवेल के नेतृत्व में 13 जुलाई को सक्ती में कांग्रेस का शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन

राम मंदिर चढ़ावा में कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन, भाजपा पर चंदा राशि के दुरुपयोग का लगाया आरोप

सक्ती। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार राम मंदिर चढ़ावा में कथित चोरी एवं वित्तीय अनियमितताओं तथा भाजपा द्वारा चंदा उगाही कर राशि के कथित दुरुपयोग के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती द्वारा सोमवार, 13 जुलाई को जिला मुख्यालय सक्ती में व्यापक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती की अध्यक्ष श्रीमती रश्मि गवेल के नेतृत्व में नगर सक्ती के प्रमुख चौक-चौराहों पर किया जाएगा, जिसमें जिलेभर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, निर्वाचित जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती रश्मि गवेल ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों देशवासियों की आस्था, श्रद्धा और विश्वास के प्रतीक हैं। राम भक्तों द्वारा श्रद्धापूर्वक अर्पित चढ़ावे एवं चंदे से जुड़ी कथित वित्तीय अनियमितताओं के विषय ने आम जनमानस की भावनाओं को आहत किया है। कांग्रेस पार्टी आस्था और श्रद्धा से जुड़े विषयों में पारदर्शिता एवं जवाबदेही की पक्षधर रही है। इसी उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सक्ती में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने भगवान श्रीराम के नाम पर जनता की भावनाओं और आस्था का राजनीतिक उपयोग किया है। राम भक्तों से एकत्रित चंदे के कथित दुरुपयोग और वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। कांग्रेस इस मुद्दे को जनता के बीच ले जाकर भाजपा के कथित चाल, चरित्र और चेहरे को उजागर करेगी तथा राम भक्तों की आस्था से जुड़े सवालों पर निष्पक्षता और पारदर्शिता की मांग करेगी।

श्रीमती रश्मि गवेल ने कहा कि कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक होगा। कांग्रेस कार्यकर्ता नगर सक्ती के प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचकर अपना विरोध दर्ज कराएंगे और आम जनता के समक्ष इस गंभीर विषय को रखेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाना विपक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है और कांग्रेस पार्टी इस जिम्मेदारी का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन कर रही है।

इस विरोध प्रदर्शन में जिले के सम्माननीय विधायक एवं पूर्व विधायकगण, पूर्व विधायक प्रत्याशीगण, पूर्व सांसद एवं पूर्व सांसद प्रत्याशीगण, नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायतों के वर्तमान तथा पूर्व जनप्रतिनिधिगण, प्रदेश एवं जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कांग्रेस के विभिन्न आनुषांगिक संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं कार्यकारी अध्यक्ष सहित महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती की अध्यक्ष श्रीमती रश्मि गवेल एवं नगर कांग्रेस कमेटी सक्ती के अध्यक्ष राकेश राठौर ने जिले के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपने साथियों सहित अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की है।

कार्यक्रम सोमवार, 13 जुलाई को शाम 3 बजे नगर सक्ती में आयोजित किया जाएगा। सभी पदाधिकारियों एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दोपहर 2:30 बजे तक सक्ती रेस्ट हाउस में अनिवार्य रूप से पहुंचने की अपील की गई है। इसके पश्चात कांग्रेसजन संगठित रूप से नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।

जिला कांग्रेस कमेटी ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन राम भक्तों की आस्था के सम्मान, सार्वजनिक चंदे में पारदर्शिता और वित्तीय जवाबदेही की मांग को लेकर आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।

Post a Comment

0 Comments