जिला जांजगीर- चाम्पा संवाददाता :-- भरत सिंह जांगड़े की रिपोर्ट
गौवंश की सुरक्षा को लेकर प्रशासन हुआ गंभीर: सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जिला स्तरीय रणनीति, गौ रक्षा दल को मिली बड़ी जिम्मेदारी
घायल गौवंश को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए एसपी विजय पांडे ने विश्वास सराफ को फर्स्ट एड किट सौंपकर किया सम्मानित
जांजगीर-चांपा। जिले में राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों पर निरंतर बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं में गौवंश के घायल होने एवं जानमाल के नुकसान की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने व्यापक पहल शुरू की है। इसी कड़ी में जिला पंचायत सभा कक्ष में सड़क सुरक्षा एवं गौवंश संरक्षण को लेकर एक महत्वपूर्ण जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री विजय पांडे ने की। इस दौरान पशु चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा गौ संरक्षण से जुड़े प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, घायल गौवंश के त्वरित उपचार, रेस्क्यू व्यवस्था को मजबूत करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही घायल गौवंश तक तत्काल राहत पहुंचे, ताकि समय रहते उनका उपचार किया जा सके और अनावश्यक मृत्यु की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। इसके लिए प्रशासन, पुलिस, पशु चिकित्सा विभाग एवं गौ सेवा संगठनों की संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने पर भी सहमति बनी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विजय पांडे ने गौ सेवा एवं गौ संरक्षण के क्षेत्र में लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहे विश्वास सराफ (गौ रक्षा दल बम्हनीडीह), राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी के उपाध्यक्ष एवं जिला जांजगीर-चांपा को सड़क दुर्घटनाओं में घायल गौवंश की तत्काल प्राथमिक चिकित्सा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) किट प्रदान कर सम्मानित किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रशासन की मंशा केवल सड़क दुर्घटनाओं को कम करना ही नहीं, बल्कि घायल गौवंश को समय पर उपचार उपलब्ध कराकर उनकी जान बचाना भी है। इसमें सामाजिक संगठनों एवं गौ सेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद विश्वास सराफ ने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गौ रक्षा दल भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ प्रशासन के सहयोग से घायल गौवंश के रेस्क्यू, उपचार एवं संरक्षण का कार्य निरंतर करता रहेगा। उन्होंने कहा कि गौवंश की सुरक्षा केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण विषय है, जिसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
बैठक के अंत में सड़क सुरक्षा, गौवंश संरक्षण एवं त्वरित राहत व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं स्वयंसेवी संगठनों के बीच नियमित समन्वय बनाए रखने का निर्णय लिया गया।
विश्वास सराफ
गौ रक्षा दल, बम्हनीडीह
राष्ट्रीय गौ रक्षा वाहिनी – उपाध्यक्ष
जिला जांजगीर-चांपा (छत्तीसगढ़)
0 Comments