🛑 छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को अपूरणीय क्षति : पद्म विभूषण तीजन बाई के निधन पर युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने जताया गहरा शोक
रायपुर। सुप्रसिद्ध पंडवानी गायिका एवं पद्म विभूषण से सम्मानित लोककला की महान साधिका तीजन बाई के निधन पर छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे प्रदेश ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
आकाश शर्मा ने अपने शोक संदेश में कहा कि तीजन बाई ने अपनी विलक्षण प्रतिभा, अथक साधना और अद्वितीय प्रस्तुति के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पंडवानी लोककला को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। उनका संपूर्ण जीवन भारतीय लोकसंस्कृति, कला और परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित रहा। उनका निधन कला जगत के लिए ऐसी क्षति है जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि तीजन बाई भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी अमर कला, संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा और सांस्कृतिक योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। छत्तीसगढ़ की माटी सदैव उनकी ऋणी रहेगी।
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने तथा शोकाकुल परिजनों, असंख्य प्रशंसकों एवं समस्त कला जगत को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
"लोककला की अमर स्वर साधिका पद्म विभूषण तीजन बाई जी को विनम्र एवं भावपूर्ण श्रद्धांजलि।"
0 Comments