जिला जांजगीर चाम्पा संवाददाता भरत सिंह जांगड़े की रिपोर्ट :---
जनपद पंचायत सदस्य कविता आजाद ने तालदेवरी, बोरसी एवं गतवा के शासकीय विद्यालयों का किया व्यापक निरीक्षण, शिक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने पर दिया विशेष जोर
जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक-15। क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं प्रभावी विद्यालयीन व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनपद पंचायत सदस्य श्रीमती कविता आजाद ने ग्राम पंचायत तालदेवरी, बोरसी एवं गतवा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला, माध्यमिक शाला एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों का व्यापक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक विद्यालय में कक्षाओं का अवलोकन करते हुए विद्यार्थियों से विभिन्न विषयों पर संवाद किया तथा उनकी अध्ययन क्षमता, विषयगत समझ एवं शैक्षणिक स्तर का प्रत्यक्ष मूल्यांकन किया। शिक्षकों से पाठ्यक्रम संचालन, नियमित अध्यापन, परीक्षा तैयारी, विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं विद्यालय की समग्र शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली गई। साथ ही शिक्षकों की उपस्थिति, अनुशासन एवं विद्यालयीन कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गई।
प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में संचालित प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण (मध्याह्न भोजन) योजना का भी गहन निरीक्षण किया गया। भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता, निर्धारित मेन्यू के अनुरूप दाल, हरी सब्जी, पापड़ एवं अन्य खाद्य सामग्री की उपलब्धता का परीक्षण किया गया। श्रीमती कविता आजाद ने स्वयं भोजन का स्वाद लेकर गुणवत्ता का आकलन किया तथा विद्यार्थियों से भोजन की गुणवत्ता एवं नियमितता के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान विशेष रूप से हायर सेकेंडरी विद्यालय तालदेवरी में विभिन्न विषयों के शिक्षकों की कमी सामने आई। कई महत्वपूर्ण विषयों में शिक्षकों के रिक्त पद होने के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस गंभीर विषय पर शीघ्र ही जिला शिक्षा अधिकारी से चर्चा कर आवश्यक शिक्षकों की पदस्थापना सुनिश्चित कराने की बात कही गई।
श्रीमती कविता आजाद ने विद्यालयों में नियमित पालक-शिक्षक बैठक (PTM) आयोजित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच सतत संवाद से शिक्षा की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के प्रति संवेदनशील, प्रेरणादायी एवं सकारात्मक व्यवहार बनाए रखने का भी आग्रह किया।
निरीक्षण के उपरांत श्रीमती कविता आजाद ने कहा कि "शिक्षा किसी भी समाज के विकास की सबसे मजबूत नींव है। क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विद्यालयों में शिक्षकों की कमी, मूलभूत सुविधाओं एवं अन्य आवश्यकताओं से संबंधित सभी विषयों को संबंधित विभाग के समक्ष गंभीरता से उठाया जाएगा तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।"
उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के सभी विद्यालयों का समय-समय पर निरीक्षण जारी रहेगा, ताकि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनुकूल शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जा सके।
0 Comments