बारिश भी नहीं रोक सकी युवाओं का जोश, 'Talk with GENZ'S' में छात्रों ने बुलंद की अपनी आवाज़
युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा बोले— छात्र हितों की लड़ाई हर मंच पर जारी रहेगी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष श्री आकाश शर्मा के नेतृत्व में संचालित "छात्रों की आवाज" अभियान के अंतर्गत बिलासपुर के कोनी स्थित स्टूडेंट कैफे में "Talk with GENZ'S" कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं युवा साथियों ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेकर शिक्षा, रोजगार, छात्र सुविधाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा की गुणवत्ता तथा युवाओं के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष श्री आकाश शर्मा ने कहा कि प्रदेश का युवा अब केवल सुनने वाला नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के लिए मुखर होकर अपनी बात रखने वाला युवा बन चुका है। उन्होंने कहा कि "बारिश की बूंदें हमारे हौसलों को नहीं रोक सकीं। जब युवा अपनी आवाज बुलंद करता है, तब बदलाव की शुरुआत होती है। 'छात्रों की आवाज' अभियान का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक छात्र की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में ठोस पहल करना है।"
उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के लाखों छात्र बेहतर शिक्षा, रोजगार, छात्रवृत्ति, मूलभूत सुविधाओं और पारदर्शी व्यवस्था की अपेक्षा रखते हैं। युवा कांग्रेस इन सभी मुद्दों को गंभीरता से उठाते हुए छात्रों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक मजबूती के साथ लड़ती रहेगी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्रों ने कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं की कमी, रोजगार के सीमित अवसर, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं सहित विभिन्न समस्याओं को विस्तार से रखा। सभी सुझावों और मांगों को संकलित कर संबंधित स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने का आश्वासन दिया गया।
श्री आकाश शर्मा ने कहा कि "छात्रों की आवाज" केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रदेशभर के युवाओं को जोड़ने वाला जनअभियान है। आने वाले दिनों में यह अभियान प्रदेश के विभिन्न जिलों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, ताकि प्रत्येक छात्र अपनी बात निर्भीक होकर रख सके और उसकी आवाज नीति निर्माण तक पहुंचे।
कार्यक्रम के अंत में युवाओं से छात्र हित, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य के निर्माण के लिए एकजुट होकर इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने कहा कि "आपकी आवाज ही हमारी ताकत है और यही आवाज आने वाले समय में परिवर्तन की सबसे बड़ी पहचान बनेगी।"
0 Comments