नितिन नबीन के गढ़ में मुरझाया कमल, दतिया में लहराया कांग्रेस का परचम" – उपचुनाव परिणामों पर डॉ. शिवकुमार डहरिया का भाजपा पर तीखा हमला...



"नितिन नबीन के गढ़ में मुरझाया कमल, दतिया में लहराया कांग्रेस का परचम" – उपचुनाव परिणामों पर डॉ. शिवकुमार डहरिया का भाजपा पर तीखा हमला

"अपने ही गढ़ और बूथ पर भाजपा बेआबरू, जनता ने अहंकार की राजनीति को सिखाया सबक"

"दतिया में जनादेश चुराने की साजिश हुई नाकाम, कांग्रेस की जीत बदलाव का स्पष्ट संकेत"

रायपुर। बिहार और मध्य प्रदेश के उपचुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली हार पर छत्तीसगढ़ के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. शिवकुमार डहरिया ने भाजपा पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि ये परिणाम देश की बदलती राजनीतिक दिशा का स्पष्ट संकेत हैं। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा की जुमलेबाजी, अहंकारी राजनीति और कुशासन से पूरी तरह ऊब चुकी है और लोकतंत्र के माध्यम से अपना जवाब दे रही है।

डॉ. डहरिया ने कहा कि बांकीपुर (बिहार) का परिणाम भाजपा के लिए केवल एक चुनावी हार नहीं, बल्कि उसके राष्ट्रीय नेतृत्व पर जनता के अविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के प्रभाव वाले क्षेत्र और उनके अपने बूथ पर भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा की लगभग 19,324 वोटों से हार इस बात का प्रमाण है कि भाजपा का जनाधार तेजी से खिसक रहा है। वहीं जन सुराज के प्रशांत किशोर को मिले 64,151 मत यह दर्शाते हैं कि जनता ने अहंकार और दंभ की राजनीति को सिरे से खारिज कर दिया है।

दतिया में जनता ने भाजपा की सियासी चालों को किया विफल

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की 6,056 मतों से जीत का स्वागत करते हुए डॉ. डहरिया ने कहा कि यह लोकतंत्र, न्याय और जनविश्वास की ऐतिहासिक विजय है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती को कथित रूप से साजिशन अयोग्य ठहराकर उपचुनाव कराया गया, लेकिन दतिया की जागरूक जनता ने भाजपा की रणनीति को पूरी तरह विफल कर दिया। वर्ष 2023 में तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को हराने वाली जनता ने इस बार भी भाजपा को स्पष्ट संदेश दिया कि जनादेश से खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। हार की आशंका से भाजपा ने नरोत्तम मिश्रा को मैदान में उतारने का साहस नहीं दिखाया और नए प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भी जनता ने नकार दिया।

"डबल इंजन नहीं, अब भाजपा का इंजन जवाब दे चुका है"

डॉ. डहरिया ने कहा कि उपचुनावों के नतीजे साफ बता रहे हैं कि देश की जनता अब महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, लोकतांत्रिक संस्थाओं पर बढ़ते दबाव और विपक्ष को केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से डराने-धमकाने की राजनीति से तंग आ चुकी है।

उन्होंने कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि केवल प्रचार, सत्ता और संसाधनों के बल पर जनता का विश्वास हमेशा के लिए नहीं जीता जा सकता। लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का होता है और जनता ने इन उपचुनावों के माध्यम से भाजपा को स्पष्ट संदेश दे दिया है कि अहंकार की राजनीति का अंत निश्चित है।

डॉ. डहरिया ने विश्वास जताया कि देशभर में बदलाव की यह लहर आने वाले चुनावों में और मजबूत होगी तथा जनता लोकतांत्रिक मूल्यों, जवाबदेही और जनहित की राजनीति को प्राथमिकता देगी।

Post a Comment

0 Comments