"छात्रों की गूंज" अभियान में छत्तीसगढ़ देशभर में प्रथम, यह छात्रों के विश्वास और उनकी आवाज़ की जीत है : आकाश शर्मा....


"छात्रों की गूंज" अभियान में छत्तीसगढ़ देशभर में प्रथम, यह छात्रों के विश्वास और उनकी आवाज़ की जीत है : आकाश शर्मा....

रायपुर। भारतीय युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा ने कहा कि "छात्रों की गूंज" अभियान में छत्तीसगढ़ का पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त करना प्रदेश के लाखों छात्रों के विश्वास, उनके सुझावों और उनके अधिकारों की ऐतिहासिक जीत है। यह उपलब्धि युवा कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता, छात्र नेता और अभियान से जुड़े सभी साथियों के अथक परिश्रम का परिणाम है।

आकाश शर्मा ने कहा कि "छात्रों की गूंज" अभियान का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं, सुझावों और आकांक्षाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करना था, ताकि शिक्षा, रोजगार, छात्रवृत्ति, कौशल विकास और बेहतर अवसरों से जुड़े मुद्दों को सरकार और नीति-निर्माताओं तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके। छत्तीसगढ़ के छात्रों ने जिस उत्साह के साथ इस अभियान में भागीदारी निभाई, उसी का परिणाम है कि प्रदेश ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल एक रैंक नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य को लेकर हमारी प्रतिबद्धता और संघर्ष का प्रमाण है। युवा कांग्रेस आगे भी छात्रों के अधिकारों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, रोजगार के बेहतर अवसर तथा छात्र हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर पूरी मजबूती के साथ आवाज़ उठाती रहेगी।

आकाश शर्मा ने इस ऐतिहासिक सफलता के लिए अभियान से जुड़े सभी जिला एवं विधानसभा पदाधिकारियों, छात्र नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा प्रदेशभर के विद्यार्थियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी युवा कांग्रेस छात्रों के हितों के लिए इसी ऊर्जा और समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी।

अंत में उन्होंने कहा, "छात्रों की आवाज़ ही देश के भविष्य की आवाज़ है। हम हर छात्र की उम्मीद, अधिकार और सपनों की लड़ाई पूरी ताकत के साथ लड़ते रहेंगे।"

Post a Comment

0 Comments