बांकीपुर के जनादेश ने तोड़ा भाजपा का अभेद्य किला, जनता ने अहंकार को दिया करारा जवाब : डॉ. शिवकुमार डहरिया
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया ने बांकीपुर विधानसभा चुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक चुनावी नतीजा नहीं, बल्कि जनता का स्पष्ट संदेश है कि लोकतंत्र में अंतिम फैसला जनता का होता है, किसी दल या नेता का नहीं।
डॉ. डहरिया ने कहा कि बांकीपुर को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी ने इस चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन जनता ने अपने मत से बदलाव का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक चर्चाओं में भाजपा नेताओं के अत्यधिक आत्मविश्वास की बातें कही जाती रही हैं। डॉ. डहरिया ने आरोप लगाया कि चुनाव परिणाम ने यह साबित कर दिया कि जनता किसी भी प्रकार के राजनीतिक अहंकार को स्वीकार नहीं करती।
उन्होंने जन स्वराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर को जीत की बधाई देते हुए कहा, "कौन कहता है आसमान में सुराख नहीं होता, एक पत्थर तो तबीयत से उछालो यारो।" उन्होंने कहा कि यह परिणाम उन लोगों के लिए भी संदेश है जो चुनाव को केवल सत्ता और संसाधनों के दम पर जीतने का भरोसा रखते हैं।
डॉ. डहरिया ने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही सबसे बड़ी ताकत है। जनता जब बदलाव का मन बना लेती है, तब वर्षों से बने राजनीतिक समीकरण भी बदल जाते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि विजयी पक्ष जनता से किए गए वादों को पूरा करेगा और क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देगा।
0 Comments